27 साल की नौकरी में 53 तबादलों के लिए चर्चित हरियाणा के सीनियर आईएएस अशोक खेमका एक बार फिर सुर्खियों में आने वाले हैं। इस बार उनके जीवन पर एक किताब आ रही है। दिल्ली के पत्रकार भवदीप कंग और नमिता काला द्वारा लिखी गई किताब ‘जस्ट ट्रांसफर्ड : द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ अशोक खेमका’ का 7 मार्च को विमोचन होगा। यह किताब हार्पर कॉलिंस द्वारा प्रकाशित की जा रही है।
भाजपा हो या कांग्रेस हर राज में हुए खेमका के तबादले
कांग्रेस हो या भाजपा हर पार्टी राज में अशोक खेमका को तबादले झेलने पड़े। जब भी उनका ट्रांसफर होता है तो वे सुर्खियों में छा जाते हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा सुर्खियां उन्होंने तब बटोरी थीं जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा तथा डीएलएफ कंपनी के बीच हुए जमीन सौदे का म्यूटेशन रद्द करने के आदेश जारी किए थे।
सूत्रों का दावा कुछ अंदरूनी राज खोलेगी किताब
किताब से जुड़े लोगों का कहना है- यह किताब खेमका के तबादलों के अतिरिक्त हरियाणा सरकार से जुड़े अंदरूनी राज जरूर खोलेगी। इसके अलावा किताब में खेमका के मध्यम वर्गीय परिवार से आईएएस तक के सफर पर भी प्रकाश डाला गया है कि कैसे वे कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करके यूपीएससी तक पहुंचे।